गुरुग्राम। सोहना एलिवेटेड हाईवे पर बादशाहपुर के पास बुधवार देर रात तेज रफ्तार बेकाबू कार ने आगे चल रही निजी बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बस के नीचे जा घुसा। कार सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर निजी अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटाकर करीब आधे घंटे बाद सामान्य कराया। वहीं दूसरी घटना में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर पंचगांव टोल प्लाजा के पास एक ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे दिल्ली के नजफगढ़ निवासी 35 वर्षीय विनोद की मौत हो गई। मृतक के भाई वीरेंद्र के अनुसार, राजस्थान नंबर का ट्रक बाइक को टक्कर मारने के बाद मौके पर छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एलिवेटेड हाईवे पर बस में घुसी तेज रफ्तार कार, केएमपी पर ट्रक से कुचलकर युवक की मौत




