सिवनी। दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई चाकूबाजी मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए तीन धारदार चाकू भी बरामद किए हैं। थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि एसपी कृष्ण लालचंदानी और एएसपी दीपक मिश्रा के निर्देश पर एसडीओपी सचिन परते के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। शास्त्री वार्ड निवासी अभिषेक डहेरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 अक्टूबर 2025 की रात गांधी भवन स्थित बजरंग होटल के पास पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने पहले मारपीट की और फिर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। गिरफ्तार आरोपियों में निखिल कुशवाहा, आर्यन धुर्वे और सौरभ उर्फ मोंटी शामिल हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
दुर्गा विसर्जन में चाकूबाजी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार




