इंदौर। देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के इंजीनियरिंग संस्थान (IET) स्थित रामानुजन हॉस्टल में शराब पार्टी और तोड़फोड़ मामले में सख्ती बढ़ने के बाद छात्र बैकफुट पर आ गए हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा बीटेक फाइनल ईयर के छात्रों का रिजल्ट रोकने, 25-25 हजार रुपए का जुर्माना लगाने और प्लेसमेंट कंपनियों को घटना की जानकारी भेजने की तैयारी के बीच मंगलवार को छात्रों ने सामूहिक वीडियो जारी कर हाथ जोड़कर माफी मांगी। छात्रों ने कुलपति प्रो. राकेश सिंघई और IET डायरेक्टर प्रो. प्रतोष बंसल से करियर और भविष्य बचाने की अपील की। हालांकि प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई छात्रों को करनी होगी और नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। कुछ दिन पहले हॉस्टल में करीब दो घंटे तक छात्रों ने जमकर हंगामा किया था, जिसमें टेबल-कुर्सियां, वाटर कूलर, पानी की टंकियां और खिड़ियों के कांच तोड़ दिए गए थे। मामले में अभिभावकों की काउंसिलिंग कराई जाएगी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
हॉस्टल में शराब पार्टी-तोड़फोड़ के बाद छात्रों ने मांगी माफी, यूनिवर्सिटी सख्त




