गुरुग्राम। नेशनल हाईवे-48 पर राठीवास मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्राला ड्राइवर द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रहा ट्राला उससे टकरा गया। हादसे में ट्राला चालक राम सिंह की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठे महेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ निवासी महेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली के सोनिया विहार स्थित सीमेंट प्लांट में स्टोर कीपर हैं और मंगलवार सुबह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक खाली ट्राला रुकवाकर उसमें लिफ्ट ली थी। रास्ते में बिलासपुर थाना क्षेत्र में राठीवास मोड़ के पास फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान आगे चल रहे ट्राला चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे चल रहा ट्राला अनियंत्रित होकर उसमें जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक राम सिंह केबिन में फंस गया और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। राहगीरों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राम सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
अचानक ब्रेक लगाने से ट्रालों की भिड़ंत, ड्राइवर की मौत; एक घायल




