गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) पर बिलासपुर चौक के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, लेकिन दोनों युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते सड़क के दूसरी ओर छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा बिलासपुर चौक स्थित हनुमान मंदिर के सामने हुआ, जहां ट्रक बाइक को टक्कर मारने के बाद कुछ दूर तक घसीटता ले गया, जिससे बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर हाईवे से हटवाया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं दूसरी घटना में बिलासपुर-फर्रुखनगर रोड पर एक तेज रफ्तार टाटा अल्ट्रोज कार ने ब्लिंकिट कंपनी के सुपरवाइजर अतुल कुमार की बाइक को रॉन्ग साइड से टक्कर मार दी। हादसे में अतुल का हाथ दो जगह से टूट गया और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, कूदकर बचाई जान




