अहमदाबाद। आईपीएल में लगातार चार हार के बाद मुंबई इंडियंस ने जोरदार वापसी करते हुए गुजरात टाइटंस को 99 रन से करारी शिकस्त दी, जो इस सीजन की सबसे बड़ी जीत भी रही। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 5 विकेट पर 199 रन बनाए, जिसमें तिलक वर्मा ने शानदार 101 रन की शतकीय पारी खेली। शुरुआत में तीन विकेट जल्दी गिरने के बावजूद तिलक और नमन धीर (45 रन) ने पारी को संभाला और मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में 200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और 15.5 ओवर में महज 100 रन पर ऑलआउट हो गई। मुंबई के गेंदबाजों में अश्विनी कुमार ने 4 विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया, जबकि बुमराह और अन्य गेंदबाजों ने भी सधी हुई गेंदबाजी की। इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस अंक तालिका में 7वें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि गुजरात टाइटंस छठे स्थान पर बनी हुई है।
मुंबई इंडियंस की दमदार वापसी, गुजरात को 99 रन से हराया




