नई दिल्ली। IPL के 8वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हरा दिया और टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच में दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, जिसके बाद मुंबई ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 162 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 18.1 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के हीरो इम्पैक्ट प्लेयर समीर रिजवी रहे, जिन्होंने 51 गेंदों पर 90 रन की धमाकेदार पारी खेली और लगातार दूसरी फिफ्टी जमाई। उनके अलावा पाथुम निसांका ने 44 और डेविड मिलर ने नाबाद 21 रन बनाए। मुंबई की ओर से दीपक चाहर, कॉर्बिन बॉश और मिचेल सैंटनर को एक-एक विकेट मिला, जबकि जसप्रीत बुमराह ने नीतीश राणा को रन आउट किया। इससे पहले मुंबई के लिए स्टैंड-इन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 51 रन बनाए, जबकि रोहित शर्मा ने 35 और नमन धीर ने 28 रन का योगदान दिया। दिल्ली के लिए मुकेश कुमार ने 2 विकेट झटके, वहीं अक्षर पटेल, लुंगी एनगिडी, विपराज निगम और टी नटराजन को एक-एक सफलता मिली। हार्दिक पंड्या के फिट न होने के कारण इस मैच में सूर्यकुमार यादव ने मुंबई की कप्तानी संभाली।
दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हराया, रिजवी की तूफानी 90 रन की पारी




