फरीदाबाद। सरूरपुर गांव स्थित ज्वेलरी शॉप में 64 लाख रुपए की सोने की लूट के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि बदमाशों ने वारदात से पहले करीब एक महीने तक रेकी की थी। रेकी करने वाला आरोपी रिहान कपड़े बेचने वाले का भेष बनाकर दुकान और आसपास के इलाके की पूरी जानकारी जुटाता रहा और फिर प्लान तैयार कर अपने साथियों साकिब, जावेद और धर्मबीर के साथ मिलकर 11 मार्च को हथियारों के बल पर लूट को अंजाम दिया। चारों बदमाशों की मुलाकात उत्तर प्रदेश की जेल में हुई थी, जहां उन्होंने गैंग बनाया। पुलिस ने अब तक साकिब, जावेद और धर्मबीर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि रिहान फरार है। आरोपियों ने करीब 350 ग्राम सोने के आभूषण लूटे और बाइक से जंगल तक जाकर वहां से टैक्सी में फरार हो गए। जांच में पता चला कि बाइक दिल्ली से चोरी की गई थी और बदमाश आगे दिल्ली में भी लूट की योजना बना रहे थे। पुलिस अभी तक लूटे गए जेवर बरामद नहीं कर पाई है। धर्मबीर को पकड़ने के दौरान सूरजकुंड रोड पर मुठभेड़ भी हुई, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। तीनों आरोपियों पर पहले से ही लूट और डकैती के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीमें फरार आरोपी रिहान की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
ज्वेलरी शॉप लूट में बड़ा खुलासा: कपड़े बेचने वाले बनकर की रेकी, 3 आरोपी गिरफ्तार




