ग्रेटर नोएडा। सेक्टर डेल्टा-4 स्थित चेरी काउंटी सोसाइटी में रहने वाली एक महिला के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 14 लाख 35 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़िता शिवांगी गोयल ने इस मामले में कार्रवाई के लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में प्रार्थना पत्र दिया है। महिला के अनुसार 8 जनवरी को अज्ञात व्यक्ति ने साइबर फ्रॉड के जरिए उनके बचत खाते से यह रकम ट्रांसफर कर ली। जानकारी मिलते ही उन्होंने बैंक से संपर्क किया, जहां उन्हें ठगी की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने कुछ रकम को फ्रीज भी कराया, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर को भी शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। अब उन्होंने अदालत से मांग की है कि थाना साइबर क्राइम को केस दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि उनकी रकम वापस मिल सके और दोषियों को सजा मिल सके।
महिला के खाते से 14.35 लाख की साइबर ठगी, कोर्ट पहुंचा मामला




