फरीदाबाद। बल्लभगढ़ से गुजरने वाले नेशनल हाईवे स्थित सरकारी अस्पताल की दीवार के पास एक पेड़ से फंदा लगाकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर थाना आदर्श नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान और पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब दस बजे डायल-एक-सौ-बारह पर सूचना मिली थी कि अस्पताल के पास एक पेड़ पर व्यक्ति का शव लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की, जहां पाया गया कि व्यक्ति ने कपड़े के सहारे पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। प्राथमिक जांच में मृतक की उम्र करीब पचास से पचपन वर्ष के बीच बताई जा रही है और उसके शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक ने क्रीम रंग की टी-शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, जबकि पूरे मामले की हर पहलू से जांच जारी है।
सरकारी अस्पताल के पास पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव, आत्महत्या की आशंका




