नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने मंगलवार को अवैध कारोबार और मानसून तैयारियों को लेकर दो मोर्चों पर कार्रवाई करते हुए सिविल लाइंस और नजफगढ़ जोन में बिना वैध लाइसेंस संचालित 28 मीट दुकानों को सील कर दिया। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के सहयोग से सराय पीपल थला और भड़ोला क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान लाइसेंसिंग नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। निगम ने स्पष्ट किया कि खाद्य कारोबार से जुड़े सभी प्रतिष्ठानों को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। वहीं मानसून की तैयारियों की समीक्षा के तहत केशव पुरम जोन के अधिकारियों ने किशनगंज रेलवे अंडरब्रिज का निरीक्षण कर पंप हाउस की कार्यप्रणाली का जायजा लिया तथा बारिश के दौरान जलभराव रोकने और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
एमसीडी की बड़ी कार्रवाई, 28 अवैध मीट दुकानें सील, जलभराव रोकने की तैयारियों का निरीक्षण




