ट्रॉनिका सिटी में 150 किलो से ज्यादा गांजे के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट वाली दो कारें बरामद

Must read

गाजियाबाद। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 150 किलो 73 ग्राम अवैध गांजा, दो कारें और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, तस्करी में इस्तेमाल दोनों कारों पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थीं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से भारी मात्रा में गांजा लेकर दो कारें दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई के लिए आ रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और एसटीएफ की टीम ने ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में गुर्जर चौक से शिव चौक जाने वाले रास्ते पर खानपुर कट के पास चेकिंग शुरू कर दी।

इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए की दो सफेद कारें वहां पहुंचीं। पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को घेरकर रोक लिया और तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान कारों की डिग्गियों से 23 पैकेटों में गांजा बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, पहली कार से 75 किलो 87 ग्राम और दूसरी कार से 74 किलो 86 ग्राम गांजा मिला। दोनों वाहनों से बरामद मादक पदार्थ की कुल मात्रा 150 किलो 73 ग्राम निकली।

मौके से पुलिस ने बिहार निवासी प्रिन्स कुमार, आशीष कुमार, सोनू कुमार, राजा कुमार और रोहित कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा से लाने और बिहार के रास्ते दिल्ली-एनसीआर में इसकी सप्लाई करने की बात कबूल की। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पहचान छिपाने के लिए वाहनों पर नंबर प्लेट भी बदली गई थीं।

ACP राम किशन राना ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और पूरे सप्लाई चैन की जांच में जुटी है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article