राजधानी के पूर्वी दिल्ली स्थित कल्याणपुरी इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अज्ञात हमलावरों ने एक सफाई कर्मचारी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से रफूचक्कर हो गए।
खून से लथपथ हालत में युवक को आनन-फानन में पास के लाल बहादुर शास्त्री (LBS) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी निवासी अनिल के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में जुटी, खंगाले जा रहे CCTV
सनसनीखेज हत्या की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ मौका-ए-वारदात पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों और वारदात में शामिल बदमाशों की संख्या को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों का सुराग लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।




