नई दिल्ली। स्कूल यूनिफॉर्म के जूतों को लेकर छात्रों के बीच शुरू हुआ विवाद दिल्ली के मोहन गार्डन में जानलेवा संघर्ष में बदल गया। सरकारी स्कूल की छुट्टी के बाद गेट के बाहर हुई चाकूबाजी में 12वीं कक्षा के छात्र नितेश की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को पकड़ा है। इनमें तीन नाबालिग बताए जा रहे हैं, जबकि तीन आरोपी उसी स्कूल में पढ़ते हैं।
वारदात 14 अक्टूबर की शाम मोहन गार्डन इलाके में हुई। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि विवाद की शुरुआत मृतक नितेश से सीधे नहीं हुई थी। उसके एक दोस्त और स्कूल के दूसरे छात्र के बीच यूनिफॉर्म के साथ तय जूते नहीं पहनने की शिकायत को लेकर कहासुनी हुई थी।
टीचर से शिकायत के बाद बढ़ी छात्रों के बीच तनातनी
पुलिस जांच के अनुसार, नितेश के दोस्त अभय (बदला हुआ नाम) ने स्कूल के एक अन्य छात्र विनीत (बदला हुआ नाम) के जूते नहीं पहनने की जानकारी शिक्षक को दी थी। इसी बात को लेकर दोनों छात्रों के बीच स्कूल परिसर में बहस हो गई।
मामला उस समय और बिगड़ गया जब शाम को छुट्टी के बाद दोनों अपने-अपने दोस्तों के साथ स्कूल से बाहर निकले। आरोप है कि बाहर पहुंचते ही एक पक्ष ने अपने साथ मौजूद लड़कों को विवाद में शामिल कर लिया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और इसी दौरान चाकू निकाल लिया गया।
नितेश अपने दोस्त के साथ मौजूद था। झगड़े के बीच उस पर भी चाकू से हमला किया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने से नहीं बच सकी जान
घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, नितेश के शरीर पर कई जगह चाकू के घाव थे।
घटना की सूचना मिलने पर उसके पिता स्कूल पहुंचे। उन्होंने बताया कि जब वह बेटे को लेने आए तो स्कूल के बाहर भीड़ लगी हुई थी और तभी उन्हें हमले की जानकारी मिली। नितेश के पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में गुरुग्राम में गनमैन के रूप में काम करते हैं।
परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतक के चाचा ने बताया कि परिवार को फोन के जरिए घटना की सूचना मिली थी। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें नितेश की मौत के बारे में पता चला।
पांच आरोपी पकड़े, स्कूल गेट के पास मिला चाकू
द्वारका जिला पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान पांच आरोपियों को पकड़ा गया है। इनमें तीन नाबालिग हैं। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों में तीन उसी स्कूल के छात्र हैं।
वारदात में इस्तेमाल किए जाने का संदेह वाला चाकू भी स्कूल गेट के बाहर से बरामद किया गया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि हमले में किस आरोपी की क्या भूमिका रही।
पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को नितेश का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




