विजयनगर में पुराने विवाद ने लिया खौफनाक रूप, भैया दूज के दिन घर लौट रहे आयुष पर किया हमला; भाई का आरोप- पहले भी मिली थी जान से मारने की धमकी
गाजियाबाद। पुराने झगड़े की रंजिश में 20 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि विवाद के बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर पहुंची थी, जहां आरोपी ने अचानक आयुष के सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल आयुष को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी सोनू को हिरासत में ले लिया है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। वहीं, पुलिस ने सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर फैल रही उन चर्चाओं को खारिज किया है, जिनमें युवक की मौत थाने के अंदर होने का दावा किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घायल को अस्पताल भेजा गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हुई।
भैया दूज के बाद रास्ते में घेरकर किया हमला
मृतक आयुष सर्वोदय नगर निवासी यशपाल का बेटा था। वह नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करता था। बुधवार शाम भैया दूज का त्योहार मनाकर घर लौटते समय चरण सिंह कॉलोनी निवासी सोनू ने अपने साथियों के साथ उसे घेर लिया। आरोप है कि इसके बाद आयुष के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
शोर सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। विजय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो सोनू के साथी वहां से भाग निकले। पुलिस आयुष और सोनू को लेकर थाने पहुंची। इसी दौरान विवाद ने और गंभीर रूप ले लिया।
अचानक चाकू निकाला और सीने पर किए कई वार
परिजनों के मुताबिक, थाने में मौजूदगी के दौरान सोनू ने आयुष पर चाकू से हमला कर दिया। उसने युवक के सीने पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल घायल आयुष को परिजनों के साथ अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी सोनू को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
धनतेरस पर भी हुआ था झगड़ा, जान से मारने की धमकी का आरोप
आयुष के छोटे भाई अमन ने आरोप लगाया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद नया नहीं था। धनतेरस यानी 6 नवंबर को भी सोनू और उसके साथियों ने आयुष तथा उस पर हमला किया था। उस समय दोनों भाई ड्यूटी पर जा रहे थे।
अमन का दावा है कि मारपीट के बाद दूसरे पक्ष ने ही पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस आयुष को जीप में बैठाकर थाने ले गई। अमन ने दूसरे पक्ष के लोगों को भी पकड़ने की मांग की, लेकिन आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ भी मारपीट की।
परिजनों का कहना है कि बाद में वे आयुष को थाने से घर लेकर आए थे और पुलिस से शिकायत भी की थी। अमन ने आरोप लगाया कि उस मामले में एकतरफा कार्रवाई करते हुए उसके भाई को जेल भेज दिया गया, जबकि सोनू लगातार उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था।
थाने में हत्या की अफवाह पर पुलिस का खंडन
मामले को लेकर सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि 11 नवंबर 2026 को शाम करीब छह बजे विजयनगर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर में दो व्यक्तियों के बीच मारपीट हुई थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि घायल को परिजन थाने लेकर पहुंचे थे। पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एसीपी ने स्पष्ट किया कि युवक की मौत थाने के अंदर होने या थाने में ही हत्या किए जाने की खबरें भ्रामक हैं। पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुराने विवाद, हमले में शामिल अन्य लोगों और वारदात के दौरान मौजूद परिस्थितियों को लेकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।




