फरीदाबाद। सेक्टर-81 स्थित एक निजी स्कूल की पार्किंग में खड़ी बुलेट बाइक को चोर ने महज 14 सेकेंड में निशाना बना लिया। चेहरे पर मास्क और सिर पर गमछा बांधकर पहुंचे युवक ने पेचकसनुमा औजार से बाइक का लॉक तोड़ा और देखते ही देखते उसे लेकर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना 16 अक्टूबर दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। चोरी हुई बाइक स्कूल में काम करने वाले मोहित की थी। खास बात यह है कि करीब आठ दिन पहले ही बेटे के कुआं पूजन के मौके पर ससुराल पक्ष ने उन्हें यह बुलेट बाइक उपहार में दी थी।
मास्क से चेहरा छिपाया, गमछे से ढका सिर
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक बेहद कम समय में वारदात को अंजाम देता दिखाई दे रहा है। उसने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था, जबकि सिर को गमछे से ढक रखा था।
फुटेज के मुताबिक युवक पार्किंग में खड़ी बुलेट के पास पहुंचा और जेब से पेचकसनुमा औजार निकाला। इसके बाद उसने औजार को बाइक के लॉक के पास लगाया और कुछ ही सेकेंड में लॉक तोड़ दिया। लॉक खुलते ही आरोपी बाइक लेकर वहां से निकल गया। पूरी कार्रवाई में उसे करीब 14 सेकेंड का समय लगा।
छुट्टी के बाद पार्किंग पहुंचा तो गायब थी बाइक
बाइक मालिक मोहित को चोरी का पता उस समय चला, जब स्कूल की छुट्टी के बाद वह बाहर निकला। पार्किंग में पहुंचने पर बाइक अपनी जगह नहीं मिली। पहले उसने आसपास बाइक की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
इसके बाद स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई। फुटेज देखते ही साफ हो गया कि बाइक को एक युवक चोरी कर ले गया है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
आठ दिन पहले ही उपहार में मिली थी नई Bullet
मोहित के लिए यह चोरी इसलिए भी बड़ा झटका है क्योंकि बाइक उन्हें कुछ दिन पहले ही मिली थी। बताया जा रहा है कि बेटे के कुआं पूजन के अवसर पर ससुराल पक्ष ने करीब आठ दिन पहले बुलेट बाइक उपहार में दी थी। नई बाइक चोरी होने से परिवार को आर्थिक नुकसान भी हुआ है।
मामले की शिकायत भूपानी थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान और उसके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बाइक लेकर फरार हुए आरोपी का रूट ट्रेस किया जा सके। मामले की जांच जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।




