गाजियाबाद: ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में 36 वर्षीय विनोद शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के मुताबिक, शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। आरोप है कि इसी दौरान विनोद के सिर पर ईंट से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। समय पर इलाज नहीं मिलने के बाद उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, रात में शव को शुभम धर्म कांटे के सामने एक कीचड़ भरे गड्ढे में फेंक दिया गया था। खून से सने कपड़ों को भी धोने की कोशिश की गई।
शराब पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, घटना 14 सितंबर की है। जांच में सामने आया कि वारदात से पहले विनोद और कलशीनाथ ने एक साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
बताया गया है कि विवाद के दौरान विनोद ने भी ईंट से कलशीनाथ के पैर पर वार किया। इसके बाद आरोप है कि कलशीनाथ ने विनोद के सिर पर ईंट से हमला कर दिया।
सिर में गंभीर चोट लगने के बाद विनोद मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ती चली गई।
इलाज से किया इनकार, बाद में नहीं मिली कोई हरकत
पुलिस के अनुसार, घायल विनोद बाद में छोटू के पास पहुंचा था। छोटू ने उसे दवा लेने की सलाह दी, लेकिन विनोद ने इलाज कराने से इनकार कर दिया।
शाम के समय छोटू ने जब विनोद को देखा तो उसके शरीर में कोई हरकत नहीं थी और शरीर अकड़ चुका था। इसके बाद उसने ननकी को मौके पर बुलाया।
रात में शव को गड्ढे में फेंका
पुलिस जांच के मुताबिक, रात करीब साढ़े 10 बजे छोटू और ननकी ने विनोद के शव को वहां से हटाया। दोनों ने शव को शुभम धर्म कांटे के सामने मौजूद कीचड़ भरे गड्ढे में फेंक दिया।
आरोप है कि वारदात के दौरान खून से सने कपड़ों को भी धोकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश
पुलिस ने सोमवार शाम करीब 5 बजे ट्रोनिका सिटी क्षेत्र से कलशीनाथ उर्फ फकीरा राम और छोटू कामत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जानकारी जुटा रही है।
मामले में नाम सामने आए तीसरे आरोपी ननकी की तलाश जारी है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
विनोद के परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि छोटू, ननकी और कलशीनाथ ने किसी विवाद को लेकर उसके साथ मारपीट की थी। पुलिस अब शिकायत, पूछताछ और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां ज




