नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कई नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। धमकी की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर कई स्कूलों से छात्रों को बाहर निकाला गया और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड स्कूल परिसरों में पहुंचा। टीमों ने क्लासरूम से लेकर गलियारों, खुले मैदान और परिसर के अन्य हिस्सों की बारीकी से जांच की। कई जगहों पर घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
इन स्कूलों को मिली धमकी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, धमकी वाले ईमेल से ब्रिटिश स्कूल, चाणक्यपुरी, आर्मी पब्लिक स्कूल, धौला कुआं और सरदार पटेल विद्यालय, लोधी एस्टेट समेत कई स्कूलों के नाम जुड़े हैं। इसके अलावा एयरफोर्स बाल भारती स्कूल और कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल को लेकर भी अधिकारियों को धमकी की जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार, ईमेल करीब सुबह 10:17 बजे प्राप्त हुए। इनमें से एक संदेश में दिल्ली के स्कूलों में दोपहर 1:11 बजे धमाके किए जाने की बात कही गई थी। इस चेतावनी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने किसी भी जोखिम को देखते हुए तत्काल तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
पंजाबी भाषा में भेजे गए धमकी भरे संदेश
जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर धमकी वाले संदेश पंजाबी भाषा में लिखे गए थे। सिर्फ स्कूल ही नहीं, बल्कि इन संदेशों में पुलिस स्टेशन, पुलिस चौकियों और कोर्ट परिसरों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई थी।
इतना ही नहीं, ईमेल में लोगों को 29 सितंबर तक दिल्ली मेट्रो और ट्रेनों से यात्रा नहीं करने की चेतावनी भी दी गई थी। धमकी भरे ईमेल की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अब इसके स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं।
स्कूलों में घंटों चला सर्च ऑपरेशन
सरदार पटेल विद्यालय में सुरक्षा टीमों ने कई घंटे तक जांच की। बम निरोधक दस्ते के साथ डॉग स्क्वॉड ने स्कूल के अलग-अलग हिस्सों को खंगाला। क्लासरूम, गलियारे, खुले स्थान और परिसर के अन्य हिस्सों की तलाशी ली गई, लेकिन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
इसी तरह आर्मी पब्लिक स्कूल, धौला कुआं में भी सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर और आसपास के इलाकों की जांच की। दमकल विभाग के मुताबिक, उसे करीब 11:30 बजे स्कूल से कॉल मिली थी। इसके बाद एक दमकल गाड़ी मौके पर भेजी गई।
करीब 1:05 बजे जांच पूरी होने के बाद धमकी को फर्जी घोषित किया गया। तलाशी के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु के नहीं मिलने से सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।
छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
धमकी मिलने के बाद सरदार पटेल विद्यालय के छात्रों को भी एहतियातन स्कूल भवन से बाहर निकाल दिया गया। स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को पुलिस को सूचना दिए जाने और जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जाने की जानकारी दी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। धमकी भरे ईमेल कहां से भेजे गए, इनके पीछे कौन है और क्या सभी संदेश एक ही स्रोत से भेजे गए हैं—इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। पुलिस ईमेल के डिजिटल सुरागों की जांच के साथ-साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि धमकी का मकसद क्या था।




