गाजियाबाद/खोड़ा। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती किस तरह लूट की साजिश में बदल गई, इसका एक मामला खोड़ा थाना क्षेत्र से सामने आया है। आरोप है कि फेसबुक के जरिए दोस्ती करने वाले युवक ने पहले अलग-अलग बहानों से 75 हजार रुपये अपने दोस्त से ले लिए। जब पीड़ित ने रकम वापस मांगी तो उसे रुपये लौटाने के बहाने खोड़ा बुलाया गया। यहां दो युवकों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और बुलेट बाइक व iPhone लूट लिया।
मामले में पुलिस ने अदालत के आदेश के बाद अब लूट और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रेटर नोएडा की एयरलाइन सोसायटी में रहने वाले अमन ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि फेसबुक के जरिए उसकी पहचान खोड़ा के प्रेम विहार कॉलोनी निवासी अंकित कुमार से हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच दोस्ती हो गई।
पीड़ित का आरोप है कि दोस्ती का फायदा उठाकर अंकित ने अलग-अलग जरूरतों का हवाला देते हुए उससे करीब 75 हजार रुपये यूपीआई के जरिए ले लिए। रकम जल्द वापस करने का भरोसा भी दिया गया। काफी समय बीतने के बाद जब अमन ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उसे खोड़ा बुलाया।
आरोप है कि अंकित ने अमन से कहा कि वह खोड़ा आ जाए, वहां रुपये लौटाने को लेकर बात की जाएगी। पीड़ित के मुताबिक, जब वह आरोपी के घर पहुंचा तो वहां पहले से दो युवक मौजूद थे। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी नई बुलेट बाइक और iPhone अपने कब्जे में ले लिया।
मामला यहीं नहीं रुका। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसके मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए 40 हजार रुपये क्रिश नाम के युवक के खाते में ट्रांसफर कराए।
अमन का आरोप है कि उसने घटना की शिकायत पुलिस से करने की कोशिश की, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने अदालत का रुख किया। अदालत के आदेश के बाद खोड़ा पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली।
अब पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




