बल्लभगढ़: लघु सचिवालय में ड्यूटी के दौरान अचानक हार्ट अटैक आने से अचेत हुए एक चौकीदार की दो पुलिसकर्मियों की तत्परता से जान बच गई। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए मौके पर ही CPR शुरू किया और एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। समय पर प्राथमिक उपचार मिलने के बाद चौकीदार की हालत में सुधार बताया गया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, घटना पांच सितंबर की सुबह करीब छह बजे की है। लघु सचिवालय स्थित एसडीएम कार्यालय में तैनात चौकीदार भीम सिंह को अचानक सीने में तकलीफ हुई और वह अचेत होकर गिर पड़े।
उस समय मौके पर ड्यूटी कर रहे ईएचसी रविंद्र और कांस्टेबल योगेंद्र ने स्थिति को गंभीरता से समझते हुए तत्काल उनकी मदद शुरू की। दोनों पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए भीम सिंह को CPR देना शुरू किया। इसके साथ ही एंबुलेंस को सूचना दी गई और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में समय पर उपचार मिलने के बाद भीम सिंह की हालत में सुधार हुआ। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती समय में मिली तत्काल चिकित्सा सहायता बेहद महत्वपूर्ण रही।
पुलिसकर्मियों की इस तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की डीसीपी बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल ने सराहना की। उन्होंने ईएचसी रविंद्र और कांस्टेबल योगेंद्र को उनके सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित भी किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आपात स्थिति में बिना घबराए तत्काल कदम उठाना बेहद महत्वपूर्ण होता है। रविंद्र और योगेंद्र की त्वरित कार्रवाई इसका उदाहरण है।




