भाई’ नहीं कहा तो भड़का खूनी विवाद: गाजियाबाद में लाठी-डंडों के बाद चली तलवारें, 50 वर्षीय व्यक्ति की हत्या

Must read

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में महज एक संबोधन को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। मुरादनगर थाना क्षेत्र के कन्नौजा गांव में नाम के साथ ‘भाई’ नहीं लगाने की बात पर दो पक्षों के बीच ऐसी भिड़ंत हुई कि लाठी-डंडों के साथ चाकू और तलवारें निकल आईं। हिंसक झड़प के दौरान धारदार हथियार से हमला किए जाने पर 50 वर्षीय देवेंद्र शर्मा उर्फ लाला की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।

‘भाई’ न कहने पर शुरू हुई थी कहासुनी

जानकारी के मुताबिक, पूरे विवाद की शुरुआत सोनू को उसके नाम के साथ ‘भाई’ कहकर संबोधित नहीं करने से हुई। इस बात पर सोनू ने आपत्ति जताई और मामले में अंकित को बुलाया गया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी शुरू हो गई।

शुरुआत में विवाद बढ़ता देख आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत करा दिया। लेकिन तनाव खत्म नहीं हुआ। कुछ ही देर बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इस दौरान सोनू ने अपने भाई को भी मौके पर बुला लिया, जिसके बाद मामला और भड़क गया।

गांव में चली लाठियां, फिर निकल आए चाकू और तलवारें

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर घटना हुई, वहां सोहेब के घर के बाहर कुछ लोग मौजूद थे और अक्सर वहां बैठते थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में दोबारा कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।

देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। आरोप है कि संघर्ष बढ़ने पर चाकू और तलवार जैसे धारदार हथियार भी निकाल लिए गए। इसके बाद गांव की सड़क पर जमकर हिंसा हुई।

बीच-बचाव करने पहुंचे देवेंद्र पर हमला, अस्पताल में मौत

हिंसक संघर्ष को रोकने और बीच-बचाव करने पहुंचे देवेंद्र शर्मा उर्फ लाला भी हमलावरों के निशाने पर आ गए। आरोप है कि उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में अंकित शर्मा, सचिन शर्मा और रिंकू समेत कई अन्य लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

देवेंद्र के रिश्तेदार पर भी तलवार से हमला

बताया जा रहा है कि झगड़ा शांत कराने की कोशिश कर रहे देवेंद्र के एक रिश्तेदार पर भी तलवार से हमला किया गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हत्या के बाद गांव में तनाव, कई लोग हिरासत में

खूनी संघर्ष और हत्या की सूचना मिलते ही मुरादनगर थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंची और हालात को काबू में लिया। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस ने हत्या और बलवे से जुड़े मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल एक शब्द के संबोधन से शुरू हुआ विवाद गाजियाबाद के कन्नौजा गांव में एक व्यक्ति की जान ले चुका है, जबकि कई लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article