ग्वालियर में मामूली विवाद पर युवक की गोली मारकर हत्या, मोमोज ठेले पर हुआ था झगड़ा

Must read

ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर में गुरुवार रात मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। मोमोज के ठेले पर दो युवकों से हुए विवाद के बाद 28 वर्षीय डिलीवरी बॉय विवेक मीणा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों में से एक ने कथित तौर पर बेहद नजदीक से विवेक के सिर में गोली दाग दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

मृतक की पहचान नई सड़क बावन पायेगा निवासी विवेक मीणा के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मोमोज के ठेले पर हुआ विवाद, अचानक निकला कट्टा

पुलिस के मुताबिक, विवेक गुरुवार रात आनंद नगर में एक मोमोज के ठेले पर मौजूद था। इसी दौरान वहां पहुंचे दो युवकों से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि दोनों युवकों में से एक ने कट्टा निकाल लिया और विवेक के सिर पर करीब से गोली चला दी। गोली लगते ही विवेक सड़क पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच दोनों आरोपी मौके से भाग निकले।

अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बची जान

घटना की सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल विवेक को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और मौके पर हुए झगड़े समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मौत की खबर से भड़का आक्रोश, थाने के बाहर चक्काजाम

विवेक की मौत की जानकारी मिलने के बाद उसके परिजनों, दोस्तों और परिचितों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जमा हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय बिगड़ गई, जब गुस्साए लोगों ने एक सरकारी एंबुलेंस पर पथराव कर उसके शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए।

एसएसपी ने दिया जल्द गिरफ्तारी का भरोसा

मामले की जानकारी मिलते ही ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। एसएसपी ने करीब 12 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि मृतक विवेक मीणा के बड़े भाई चेतन मीणा बजरंग दल में सहमंत्री हैं। पुलिस इस पहलू को भी ध्यान में रखते हुए मामले से जुड़े सभी संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है।

सीसीटीवी और प्रत्यक्षदर्शियों से जुटाए जा रहे सुराग

बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार के अनुसार, शुरुआती जांच में दो अज्ञात युवकों द्वारा विवाद के दौरान विवेक को गोली मारने की बात सामने आई है।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है और हमलावरों के भागने के रास्तों की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस टीमों को उनकी तलाश में लगाया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि मोमोज के ठेले पर आखिर ऐसा क्या विवाद हुआ, जिसने कुछ ही मिनटों में मामूली कहासुनी को हत्या में बदल दिया।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article