फरीदाबाद के तिगांव थाना क्षेत्र में पांच दिन से लापता 45 वर्षीय किसान श्यामवीर सिंह का शव खेत में दफन मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक उत्तर प्रदेश के हाथरस का रहने वाला था और पिछले करीब आठ साल से मोजाबाद गांव में पट्टे पर जमीन लेकर खेती कर रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पत्नी केसी को हिरासत में ले लिया। उसके साथ रहने वाला एक अन्य व्यक्ति फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
दामाद के पहुंचने पर खुला राज
जानकारी के मुताबिक, श्यामवीर के लापता होने के बाद उसकी पत्नी ने रविवार को अपने दामाद आकाश को फोन कर बताया था कि उसका पति घर से गायब है। अगले दिन सोमवार को आकाश मोजाबाद स्थित ससुराल पहुंचा। वहां उसने अपनी सास से श्यामवीर के बारे में जानकारी मांगी।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान केसी ने कथित तौर पर बताया कि श्यामवीर का शव खेत में दफन है। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके साथ रहने वाले व्यक्ति ने श्यामवीर की हत्या की है। इसके बाद आकाश ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
खेत में मिट्टी से बाहर निकला था हाथ
सूचना मिलते ही तिगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आकाश जब खेत में पहुंचा तो वहां मिट्टी से श्यामवीर का एक हाथ बाहर निकला हुआ दिखाई दिया। परिजनों के मुताबिक, ऐसा लग रहा था कि कुत्तों ने मिट्टी खोदकर शव का हाथ बाहर निकाला था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी केसी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, उसके साथ रहने वाला दूसरा व्यक्ति घटना के बाद से गायब है।
आठ साल से खेत पट्टे पर लेकर कर रहा था खेती
मृतक की पहचान श्यामवीर सिंह (45) निवासी हाथरस, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह करीब आठ साल पहले मोजाबाद गांव आया था और यहां पट्टे पर जमीन लेकर खेती करता था। उसने खेत के पास ही मकान बना रखा था, जहां वह पत्नी केसी, बेटे और बेटी के साथ रहता था। उसकी बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है।
पत्नी और उसके साथी पर शक
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में श्यामवीर की हत्या में उसकी पत्नी और उसके साथ रहने वाले व्यक्ति की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। वारदात के बाद से संदिग्ध व्यक्ति के फरार होने के कारण पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि श्यामवीर की हत्या किस वजह से की गई, वारदात में कितने लोग शामिल थे और शव को खेत में कब और कैसे दफनाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद मामले में कई और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।




