नई दिल्ली। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। इस दौरान विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया। हालांकि पायलट ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा और फ्लाइट को सुबह 11:07 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया। विमान में 137 यात्री और 8 क्रू मेंबर सवार थे।
एअर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, घटना में 13 यात्री और 4 क्रू मेंबर समेत कुल 17 लोग घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से पांच को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि बाकी का इलाज जारी है। एयर इंडिया की टीमें अस्पतालों में मौजूद हैं। इससे पहले एयरलाइन ने बताया था कि सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं तथा किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
फ्लाइट में मौजूद एक यात्री ने बताया कि उड़ान भरने के करीब डेढ़ घंटे बाद विमान को तेज झटके लगने लगे। उस समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। विमान करीब दो से तीन मिनट तक बुरी तरह हिलता रहा। यात्री के अनुसार, कुछ लोगों को गंभीर चोटें आईं, जबकि 70 से 80 प्रतिशत यात्रियों को मामूली चोटें लगीं। घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में विमान की छत के पैनलों में दरारें भी दिखाई दी हैं।
इस घटना की जांच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) कर रहा है। घायल यात्रियों और क्रू को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जबकि कुछ को व्हीलचेयर और स्ट्रेचर की मदद से एयरपोर्ट से बाहर लाया गया।




