भोपाल। राजधानी के हमीदिया अस्पताल परिसर में शनिवार सुबह सरकारी एंबुलेंस की कथित लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। इमरजेंसी वार्ड के सामने तेज रफ्तार से दौड़ी एंबुलेंस की चपेट में 6 साल के एक मासूम सहित सात लोग घायल हो गए। घटना शनिवार सुबह हुई थी, लेकिन सोमवार रात इसका वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया।
पुलिस के मुताबिक ईटखेड़ी निवासी पूजा अहिरवार अपने पति रितिक अहिरवार का इलाज कराने जेठ दुलीचंद अहिरवार के साथ अस्पताल आई थीं। सुबह करीब 7:40 बजे जब पूजा इमरजेंसी वार्ड के बाहर सामान के साथ खड़ी थीं, तभी सरकारी एंबुलेंस (MP02AV7712) ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन वहां मौजूद अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में लेता चला गया।
हादसे में 6 वर्षीय मुस्तकीन, 18 माह की आलिया, सोनू रैकवार, नीतू रैकवार, सबीना खान, गुड्डी अहिरवार और पूजा अहिरवार घायल हुए। सभी का इलाज हमीदिया अस्पताल में कराया गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि एंबुलेंस चालक नशे की हालत में था, हालांकि पुलिस या मेडिकल जांच से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पूजा अहिरवार की शिकायत पर पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो के आधार पर भी पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।




