गाजियाबाद। गाजियाबाद के टीलामोड़ थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के चार खाली गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशु और राजू पाल के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने अपने फरार साथी सुधीर के साथ मिलकर फरवरी में राजपुर स्थित एचपी गैस गोदाम की दीवार तोड़कर छह गैस सिलेंडर चोरी किए थे। आरोपियों के अनुसार चार सिलेंडर उनके पास थे, जबकि दो सिलेंडर सुधीर के पास हैं। शुक्रवार शाम वे चोरी के सिलेंडर बेचने पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने सिलेंडर जब्त कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी सुधीर की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और उसके पकड़े जाने के बाद बाकी दो सिलेंडरों की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
गाजियाबाद में गैस गोदाम चोरी का खुलासा, चार सिलेंडरों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार




