फरीदाबाद। सेक्टर-15/12 डिवाइडिंग स्थित रेड लाइट पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के रेड सिग्नल तोड़ने से बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। सुबह करीब 6 बजे हुई इस घटना में सेक्टर-15 की ओर से आ रही ब्लैक स्कॉर्पियो ने रेड लाइट की अनदेखी करते हुए चौराहा पार करने की कोशिश की और दूसरी दिशा से गुजर रही किया सेल्टोस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन नियंत्रण खो बैठे और रेड लाइट पर खड़ी एक बलेनो कार से जा भिड़े, जिससे तीनों गाड़ियों को भारी नुकसान हुआ। सूचना मिलने पर सेक्टर-15 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस के अनुसार हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। बाद में तीनों वाहन चालकों ने आपसी सहमति से नुकसान की भरपाई करने और बिना कानूनी कार्रवाई के मामला खत्म करने का फैसला किया।
रेड लाइट तोड़ते ही तीन गाड़ियां भिड़ीं, CCTV में कैद हुआ तेज रफ्तार हादसा




