फरीदाबाद। सेक्टर-8 थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम सेक्टर-9 और 10 की ओर जाने वाले मार्ग पर तेज रफ्तार एंबुलेंस की टक्कर से इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार एक डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसकी स्कूटी एंबुलेंस के नीचे फंसकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया और एंबुलेंस चालक को पुलिस के आने तक मौके पर ही रोककर रखा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीही गांव निवासी नवनीत एक कंपनी का सामान पहुंचाकर वापस लौट रहा था, तभी ईएसआईसी अस्पताल की ओर से आ रही खाली एंबुलेंस ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। घायल युवक के सिर, चेहरे और पैरों में चोटें आई हैं और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने एंबुलेंस चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घायल का बयान और प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी के आधार पर हादसे की परिस्थितियों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तेज रफ्तार एंबुलेंस ने डिलीवरी बॉय को मारी टक्कर, स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त




