फरीदाबाद। बीके अस्पताल के पोस्टमॉर्टम हाउस में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली 26 वर्षीय अंजलि के शव को लेने को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के बीच जमकर हंगामा हो गया। दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और पत्थरबाजी में बदल गई। घटना में दोनों पक्षों के 4 से 5 लोग घायल हो गए, जबकि अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में पुलिस ने अंजलि का शव उसके मायके पक्ष को सौंप दिया। अंजलि की शादी वर्ष 2019 में बादशाहपुर निवासी मनोज से हुई थी और वह छह माह की गर्भवती थी। उसके एक बेटा और एक बेटी भी हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वाले उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे और उसकी मौत जहर देकर की गई है। उनका कहना है कि सोमवार को मौत के समय अंजलि के मुंह से झाग निकल रहे थे और शरीर भी सूजा हुआ था। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर जांच शुरू कर दी है और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
महिला के शव को लेकर अस्पताल में बवाल, मायके और ससुराल पक्ष में मारपीट




