नई दिल्ली। दिल्ली के नॉर्थ जिले के सब्जी मंडी थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक मकान की सीढ़ी ढहने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जांच में पता चला कि पहली मंजिल की सीढ़ी गिरने से दूसरी मंजिल पर लोग फंस गए थे। दमकल कर्मियों ने पांच महीने की नवजात समेत एक ही परिवार के पांच सदस्यों और एक पालतू कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाए गए लोगों में मानसी (45), उनकी बेटी अंजलि (24), कविता, उनकी बेटी पायल (21) और पांच महीने की नीरू शामिल हैं। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस और दमकल विभाग हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।
दिल्ली में मकान की सीढ़ी ढही, शिशु समेत 5 लोगों और एक कुत्ते को सुरक्षित निकाला गया




