गाजियाबाद। लखनऊ में कोचिंग सेंटर अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत के बाद गाजियाबाद प्रशासन, जीडीए और दमकल विभाग ने मंगलवार को बड़े पैमाने पर संयुक्त जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान कोचिंग सेंटरों, होटल, रेस्टोरेंट, हाउसिंग सोसायटी और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें कई जगह फायर सेफ्टी मानकों की गंभीर अनदेखी मिली। पहले दिन 206 भवनों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 56 के खिलाफ सीलिंग समेत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कई अवैध कोचिंग सेंटर बंद मिले और उनके बोर्ड तक हटाए जा चुके थे। जांच में कई भवनों में फायर एनओसी नहीं मिली, इमरजेंसी गेट बंद पाए गए, आग बुझाने के उपकरण अनुपयोगी हालत में मिले और प्रवेश-निकास के लिए केवल एक ही रास्ता पाया गया। फायर विभाग ने 12 कोचिंग सेंटरों व अन्य प्रतिष्ठानों की बिजली भी कटवाई है। प्रशासन ने आरडब्ल्यूए को भी निर्देश दिए हैं कि सोसायटियों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखें और फायर ड्राइव-वे व इमरजेंसी एग्जिट को अवरोध मुक्त बनाए रखें। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
लखनऊ अग्निकांड के बाद गाजियाबाद में एक्शन, 56 भवनों पर सीलिंग की कार्रवाई शुरू




