गाजियाबाद। RDC स्थित Tanishq ज्वेलरी शोरूम से करोड़ों रुपये के सोने, हीरे और अन्य कीमती आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर कविनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में शोरूम के सेल्समैन नितिन वर्मा की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में नितिन एक अन्य व्यक्ति के साथ शोरूम की चाबी से दुकान खोलता दिखाई दे रहा है। जिस चाबी से शोरूम खोला गया, वह कर्मचारी गौतम राज के पास रहती थी, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, शोरूम के बाहर तैनात दो सुरक्षा गार्डों से भी पूछताछ की जा रही है। शोरूम प्रबंधन चोरी हुई ज्वेलरी का स्टॉक मिलान कर नुकसान का आकलन कर रहा है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करोड़ों रुपये के आभूषण गायब हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 5 विशेष टीमों का गठन किया है। सहायक पुलिस आयुक्त सूर्यबली मौर्य के अनुसार जांच में कई अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
गाजियाबाद में तनिष्क शोरूम से करोड़ों की ज्वेलरी चोरी, सेल्समैन पर शक; 5 टीमें जांच में जुटीं




