गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र के फ्लोरा एंक्लेव में गुरुवार सुबह एक 22 वर्षीय युवक का शव किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान अमरोहा जिले के कुआं खेड़ा निवासी अमन के रूप में हुई है, जो पंजाब में पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह अपनी महिला मित्र से मिलने गाजियाबाद आया था, जो फ्लोरा एंक्लेव में किराए पर रहकर पढ़ाई कर रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच कुछ समय से मनमुटाव होने की बात सामने आई है। गुरुवार को भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद युवती बाहर चली गई। लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बावजूद दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो अमन फंदे से लटका मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
महिला मित्र से मिलने आया युवक कमरे में फंदे पर लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस




