नोएडा। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने सेक्टर-51 स्थित सनराइज होटल में छापेमारी कर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 62 हजार 250 रुपए नकद, 160 ताश के पत्ते, 22 मोबाइल फोन, 7 दोपहिया वाहन और एक चार पहिया वाहन बरामद किए हैं। एडीसीपी मनीषा सिंह के अनुसार आरोपी होटल में कमरे किराये पर लेकर जुआ खेल रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी को मौके से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले करीब 10 दिनों से होटल के कमरों में जुआ खेल रहे थे। गिरफ्तार लोगों में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, बुलंदशहर, बिहार, मध्यप्रदेश और झारखंड के निवासी शामिल हैं। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि होटल प्रबंधन की इस गतिविधि में क्या भूमिका थी। प्रारंभिक जांच में होटल प्रबंधक को इसकी जानकारी होने के संकेत मिले हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
नोएडा के होटल में जुआ खेलते 20 लोग गिरफ्तार, ₹1.62 लाख नकद और 22 मोबाइल बरामद




