नोएडा। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के जरिए 85 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े एक आरोपी को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। आरोपी सूरज पर भारतीय सिम को ई-सिम में बदलकर कंबोडिया में बैठे साइबर अपराधियों तक पहुंचाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित की शिकायत पर दर्ज मामले की जांच में पता चला कि ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर एक मोबाइल कंपनी के पीओएस एजेंट द्वारा ई-सिम के रूप में एक्टिवेट कराया गया था, जिसका इस्तेमाल विदेश में बैठे ठगों ने किया। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने हरियाणा के पानीपत निवासी सूरज को गिरफ्तार किया। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपी भारतीय सिम को विदेश में ई-सिम के रूप में सक्रिय कराने वाले नेटवर्क का हिस्सा था, जिनका उपयोग डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी जैसी वारदातों में किया जाता था। आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
डिजिटल अरेस्ट कर 85 लाख की ठगी, ई-सिम गिरोह का आरोपी गिरफ्तार




