गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात बिना आंधी-बारिश के अचानक एक विशाल हरा-भरा पेड़ सड़क पर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर स्कूटी सवार दो युवक घायल हो गए। हादसा अभयखंड-3 स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि इंदिरापुरम निवासी सरफराज होटल से खाना डिलीवर करने वैशाली की ओर जा रहा था, जबकि राहुल ऑफिस से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुख्य मार्ग और सर्विस रोड के बीच बने साइड वर्ज पर लगा विशाल पेड़ अचानक जड़ समेत सड़क पर गिर पड़ा। दोनों युवक पेड़ की टहनियों की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को सड़क से हटाकर ऑटो की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। राहुल के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद एनएच-9 की ओर जाने वाला रास्ता कुछ समय के लिए बाधित रहा और इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर यूपी-112 और इंदिरापुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में नगर निगम की टीम ने क्रेन की मदद से पेड़ हटाकर यातायात सामान्य कराया। घायल सरफराज ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अचानक सड़क पर गिरा विशाल पेड़, स्कूटी सवार दो युवक घायल




