फरीदाबाद। नेहरू कॉलोनी में शनिवार सुबह नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। सुबह करीब 5 बजे क्राइम ब्रांच, स्थानीय पुलिस, ब्लैक कमांडो, डॉग स्क्वायड और महिला पुलिसकर्मियों की टीम इलाके में पहुंची और पूरी कॉलोनी में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस को पिछले कई दिनों से इलाके में नशा बेचने और तस्करी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने कॉलोनी की घेराबंदी कर घर-घर जांच की और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। करीब दो घंटे तक चले अभियान के दौरान 4 से 5 लोगों को संदिग्ध सामान के साथ हिरासत में लिया गया है। पुलिस उनके पास मिले सामान की जांच कर रही है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि नशा तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। महिला पुलिसकर्मियों को भी टीम में शामिल किया गया था ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाओं से पूछताछ की जा सके। वहीं डॉग स्क्वायड की मदद से कई स्थानों की तलाशी ली गई। स्थानीय लोगों ने भी अभियान में पुलिस का सहयोग किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए आगे भी इस तरह के सर्च ऑपरेशन चलाए जाएंगे।
नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, कई संदिग्ध हिरासत में




