गुरुग्राम। सेक्टर-63ए स्थित अनंत राज इस्टेट की एक लग्जरी सोसाइटी में शॉर्ट सर्किट के कारण फ्लैट में भीषण आग लग गई, जिसमें फ्लैट मालिक अंकित सेठी का घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया, हालांकि उन्होंने अपने परिवार के साथ समय रहते बाहर निकलकर जान बचा ली। आग फर्स्ट फ्लोर के ई ब्लॉक में लगी और देखते ही देखते पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया, लेकिन सबसे गंभीर बात यह रही कि सोसाइटी में मौजूद फायर सेफ्टी सिस्टम पूरी तरह फेल हो गया, न तो फायर एक्सटिंग्विशर काम आए और न ही वाटर पंप से पानी निकला, यहां तक कि बिजली की एमसीबी भी ट्रिप नहीं हुई। फ्लैट मालिक का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद करीब 30 मिनट तक मेंटिनेंस टीम की ओर से कोई मदद नहीं मिली, जिससे आग और फैलती गई। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में फ्लैट का सारा सामान, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और घरेलू सामग्री शामिल थी, जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में बिल्डर और मेंटिनेंस एजेंसी के खिलाफ भारी नाराजगी है और वे फायर सेफ्टी सिस्टम की लापरवाही पर जवाब मांगते हुए नुकसान की भरपाई और सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं।
गुरुग्राम की लग्जरी सोसाइटी में आग, फायर सिस्टम फेल होने से बढ़ा नुकसान




