फरीदाबाद। थाना धौज क्षेत्र के गांव आलमपुर में रविवार सुबह ड्यूटी के दौरान डायल 112 टीम के ईएसआई राजेंद्र सिंह को तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा रही थी, तभी तीन-चार युवकों से भरी कार लापरवाही से तेज गति में आई और पुलिसकर्मी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजेंद्र सिंह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए, उनके सिर में गंभीर चोट आई और एक कान भी कट गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल पुलिसकर्मी को तुरंत अलफलाह अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है और सीटी स्कैन भी किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी को कार ने मारी टक्कर, हालत गंभीर




