फरीदाबाद। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बल्लभगढ़ के मोहन रोड स्थित झुग्गियों में हुए हमले के तीन आरोपी और एक चोरी का आरोपी शामिल है। पहले मामले में 29 मार्च को आपसी विवाद के बाद चांदसौदा, सूरज, सुभाष और उनके साथी ने मनीष के घर पहुंचकर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिसमें मनीष घायल हो गया, जबकि बचाने आए उसके भाई कुनाल और ताऊ रामजीत के साथ भी मारपीट की गई। जांच में सामने आया कि दोनों पक्ष शादियों में ढोल बजाने का काम करते हैं और बुकिंग को लेकर पहले भी विवाद होता रहा है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं दूसरे मामले में अपराध शाखा सेक्टर-48 ने एसजीएम नगर में बंद मकान से नगदी और आभूषण चोरी करने वाले आरोपी करण को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से मंगलसूत्र, अंगूठी, झुमके और चूड़ियां बरामद हुई हैं। आरोपी ने पूछताछ में घर का ताला तोड़कर चोरी करने की बात कबूल की है, जिसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
दो मामलों में 4 आरोपी गिरफ्तार, झुग्गियों में हमले और घर में चोरी का खुलासा




