देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव क्षेत्र के ग्राम बमनगांव में बुधवार दोपहर 48 वर्षीय किसान सुनील पवार (विश्नोई) ने आर्थिक दबाव और मानसिक तनाव के चलते जहर खाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि सुनील ने सल्फास का सेवन किया था, जिसके बाद हालत बिगड़ने पर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो और सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें कन्नौद के व्यापारी मुकेश कुमार अग्रवाल पर करीब 5.62 लाख रुपए न लौटाने और लगातार मानसिक प्रताड़ना देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। सुसाइड नोट में सुनील ने लिखा कि व्यापारी पैसे मांगने पर उसे धमकाता और गाली देता था, यहां तक कि झूठी शिकायत कर उसे थाने में बंद भी करवाया गया था। उसने यह भी बताया कि वह ‘श्रीराम ट्रेडर्स’ के जरिए मक्का खरीदी का काम करता था और व्यापारी को कमीशन भी देता था, लेकिन लंबे समय से भुगतान नहीं मिलने से वह तनाव में था। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला जांच में लिया है, सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है, जबकि अभी तक FIR दर्ज नहीं हुई है।
कर्ज और मानसिक तनाव से परेशान किसान ने जहर खाकर दी जान, सुसाइड नोट में व्यापारी पर आरोप




