गुरुग्राम। स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की झूठी धमकी देने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो पिछले 9 साल से भारत में फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रहा था और उसे गुजरात के अहमदाबाद से पकड़कर लाया गया है। आरोपी की पहचान सौरभ विश्वास उर्फ माइकल (30) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बांग्लादेश का रहने वाला है और पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में रह रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि उसने 28 जनवरी को गुरुग्राम समेत कई राज्यों के स्कूलों को बम होने की धमकी वाली ईमेल भेजी थी, जिसके बदले उसे 250 यूएसडीटी क्रिप्टो करेंसी मिली थी। पूछताछ में पता चला कि आरोपी डिजिटल मार्केटिंग और ग्राफिक्स का काम करता था तथा एक फेसबुक ग्रुप के जरिए उसका संपर्क मामुनूर राशिद नाम के व्यक्ति से हुआ, जिसे उसने करीब 300 जीमेल आईडी उपलब्ध करवाई थीं। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले मारुति कंपनी में मजदूरी करता था, बाद में फ्रीलांसिंग करने लगा और फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवाकर यहां रह रहा था। साइबर क्राइम पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे पूछताछ जारी है और इससे जुड़े अन्य लोगों व मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
स्कूलों को बम की धमकी देने वाला बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार




