
नोएडा। थाना बादलपुर पुलिस ने गांजे की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने कैंटर में छुपा कर लाया जा रहा लाखों रुपए मूल्य का 148 किलो गांजा बरामद किया है। तस्कर एनसीआर में सप्लाई करने के लिए गांजा को उड़ीसा से लेकर आए थे। डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि थाना बादलपुर पुलिस टीम गश्त पर थी। पुलिस टीम जब जारचा रोड स्थित अंबुजा सीमेंट कंपनी की तरफ पहुंची तो वहां उन्हें एक कैंटर खड़ा हुआ दिखाई दिया। कैंटर के पास खड़ा एक व्यक्ति पुलिस को देखकर सकपका कर वहां से जाने लगा। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने उक्त व्यक्ति को दबोच लिया। उक्त व्यक्ति के पास से मिले थेले में गांजा रखा हुआ था। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम इनामुलहक बताया। आरोपी ने बताया कि कैंटर में उसके दो और साथी गांजा लेकर बैठे हुए हैं। इसके बाद पुलिस में शाहनवाज और नोमान को भी दबोच लिया। कैंटर की तलाशी लेने पर उसमें से छुपा कर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद हुए। कैंटर से करीब 148 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह उड़ीसा राज्य से गांजा लेकर आते हैं और दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में बेचते हैं। वह दादरी के रहने वाले सलमान नामक व्यक्ति को गांजे की सप्लाई करने के लिए आए थे। पकड़े गए तीनों आरोपी सलमान के बारे में कोई और जानकारी नहीं दे पाए।