मणिपुर में चार उग्रवादी गिरफ्तार

Must read

मणिपुर। सुरक्षा बलों ने मणिपुर के बिष्णुपुर, थौबल और इंफाल पूर्व जिलों से दो प्रतिबंधित संगठनों के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन ‘यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट’ (यूएनएलएफ-पाम्बेई) के दो सदस्यों को 47 वर्षीय व्यक्ति के अपहरण में संलिप्तता के आरोप में शुक्रवार को बिष्णुपुर जिले के नाम्बोल से गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि इंफाल पश्चिम जिले के ‘पटसोई पार्ट-4’ निवासी लैटोनजम दिलीप सिंह (47) को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उसके घर से अगवा किया था और इसकी सूचना मिलने पर घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने कहा कि उक्त व्यक्ति के अपहरण में शामिल यूएनएलएफ (पी) के दो सदस्यों को एक घर से गिरफ्तार कर लिया गया और अपहृत व्यक्ति को बचा लिया गया। उसने बताया कि सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को थौबल जिले के खोंगजोम खेबाचिंग क्षेत्र से प्रतिबंधित संगठन ‘कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी’ (पीडब्ल्यूजी) के एक सदस्य को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किया गया उग्रवादी थौबल जिले के खोंगजोम इलाके में जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल था। उसके कब्जे से एक एम20 पिस्तौल, एक मैगजीन और दो कारतूस बरामद किए गए। सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व जिले के खुरई कोंगपाल से संगठन के एक अन्य सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि उसके कब्जे से नौ एमएम की एक पिस्तौल, एक मैगजीन और छह कारतूस भी बरामद किए गए। इस बीच, सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को बिष्णुपुर जिले के लाईसोई पहाड़ी इलाके में तलाश अभियान के दौरान चार आग्नेयास्त्र और गोला-बारूद जब्त किया। पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान एक खाली मैगजीन के साथ एक एसएलआर राइफल, कार्बाइन मशीन गन, एक .303 राइफल, डबल बैरल बंदूक, 48 गोलियां, दो ग्रेनेड, दो बुलेट प्रूफ जैकेट और अन्य सामान जब्त किया गया।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article