फरीदाबाद। फरीदाबाद जनपद के थाना सूरजकुंड क्षेत्र में खोरी गांव में नगर निगम की टीम ने करीब 259 कच्चे-पक्के मकानों को तोड़ दिया। यहां सभी मकान अवैध रूप से बनाए गए थे। वहीं, कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान मौजूद रहे। बता दें करीब तीन साल पहले यहां नगर निगम ने बड़े स्तर पर तोड़फोड़ की थी। इसके बाद यहां फिर से निर्माण शुरू हो गए थे। इसकी सूचना व शिकायत नगर निगम के पास पहुंच रही थी। वहीं, नगर निगम का दस्ता मंगलवार को मौके पर पहुंच गया। साथ में पुलिसबल भी था। छुटपुट विरोध के बाद कार्रवाई करनी शुरू की। नगर निगम के एसडीओ सुरेंद्र हुड्डा ने बताया कि तोड़फोड़ में दो अर्थमूवर लगाई गई थी। पुलिस का नेतृत्व सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने किया।