मुल्लांपुर। IPL के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, जिसके बाद गुजरात ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 162 रन बनाए, जवाब में पंजाब ने 19.1 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के हीरो डेब्यू कर रहे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कोनोली रहे, जिन्होंने शानदार 72 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने 37 रन बनाए। एक समय पंजाब 109 रन पर सिर्फ 2 विकेट खोकर मजबूत स्थिति में था, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 ओवर में 3 विकेट लेकर मैच पलट दिया और टीम का स्कोर 118 पर 6 विकेट हो गया, इसके बाद 144 पर सातवां विकेट भी गिर गया, लेकिन कोनोली अंत तक टिके रहे और जीत दिला दी। गेंदबाजी में पंजाब के लिए विजयकुमार वैशाख ने 3 और युजवेंद्र चहल ने 2 विकेट लिए, जबकि गुजरात की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 विकेट झटके। बल्लेबाजी में गुजरात के लिए कप्तान शुभमन गिल ने 39 और जोस बटलर ने 38 रन बनाए, लेकिन टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी और अंततः पंजाब ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
कोनोली की शानदार पारी से पंजाब की रोमांचक जीत, गुजरात को 3 विकेट से हराया




