नोएडा। थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-4 स्थित बी-40 में बनी कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड की बिजली मीटर बनाने की फैक्ट्री में बृहस्पतिवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। घटना के समय फैक्ट्री में शिफ्ट चल रही थी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे। आग लगने से अफरा-तफरी मच गई और कई कर्मचारी घायल हो गए। जानकारी के अनुसार आग सुबह करीब 5:30 बजे लगी। उस समय फैक्ट्री में करीब 341 कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद थे। आग लगते ही कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में 37 कर्मचारी झुलस गए और कई घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल ले जाया गया। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है। आग लगने के दौरान कई कर्मचारियों ने खिड़कियां और शीशे तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आसपास के लोगों ने भी सीढ़ियां लगाकर कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।फैक्ट्री में प्लास्टिक और बिजली के तारों का काफी सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी और देर तक आग बुझाने का काम जारी रहा।
बिजली मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में लगी आग, 37 कर्मचारी झुलसे




