नोएडा। जिले में फर्जी कंपनियों के जरिए बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए राज्य कर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है, जिसमें जांच के दौरान 80 ऐसी फर्में पकड़ी गईं जो कागजों पर तो रजिस्टर्ड थीं, लेकिन वास्तविकता में उनका कोई अस्तित्व नहीं था, वहीं इस मामले में अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। विभाग के अनुसार गौतमबुद्धनगर जोन में जांच के दौरान 20 फर्म राज्य क्षेत्राधिकार में और 60 फर्म केंद्रीय क्षेत्राधिकार में बोगस पाई गईं, जिन्होंने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रजिस्ट्रेशन कर टैक्स चोरी की साजिश रची थी, जिसके बाद सभी का पंजीकरण रद्द कर दिया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि इन फर्जी फर्मों ने देशभर की 1027 कंपनियों को करीब 637 करोड़ रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट पास की, जिनमें 455 फर्म उत्तर प्रदेश और 574 अन्य राज्यों में रजिस्टर्ड हैं। राज्य कर विभाग ने अब तक 78.27 करोड़ रुपये की ITC ब्लॉक कर दी है और 1788.99 करोड़ रुपये की टैक्स मांग तय की गई है, साथ ही 162.89 करोड़ रुपये की अतिरिक्त टैक्स डिमांड भी बनाई गई है। इस पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि फर्जी फर्मों की पूरी चेन खंगालकर असली लाभार्थियों की पहचान की जा रही है।
80 फर्जी कंपनियों से टैक्स चोरी का खुलासा, 9 आरोपी गिरफ्तार




