नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र की एक सोसाइटी में रहने वाले साइबर ठग का शिकार हुए 65 साल के बुजुर्ग को पुलिस ने उनके पैसे वापस दिलाए। जालसाजों ने सीबीआई का एक अफसर बनकर बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट किया, फिर 5.50 लाख रुपये ठग लिए।पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर कोतवाली की साइबर सेल ने पीड़ित के बैंक अकाउंट से ट्रांसफर धनराशि को फ्रीज करा दिया।
शिकायत में बुजुर्ग ने बताया कि बीती पांच मार्च को उन्हें एक फोन आया। तब वह घर पर अकेले थे। फोन करने वाले ने खुद को सीबीआई का अफसर बताया। कहा कि उनका मोबाइल सिम गैरकानूनी काम के लिए प्रयोग किया गया है और मुंबई ऑफिस में बुलाया। डिजिटल अरेस्ट कर बुजुर्ग से पहले लिखित में माफीनामा लिखवाया उसके बाद कार्रवाई करने का डर दिखाकर पीड़ित से 5.50 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने बताया कि चूंकि ठगों ने पीड़ित से एक नामी ई-कॉमर्स साइट पर भुगतान कराया था। जिसकी वजह से पुलिस पैसों को फ्रीज करा सकी।




