जालना। महाराष्ट्र के जालना जिले में नागपुर-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार शाम तेज रफ्तार ट्रक ने एक टेम्पो को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें 8 महिला मजदूरों की मौत हो गई और 3 लोग घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। हादसा कडवांची गांव के पास उस समय हुआ जब महिलाएं एक्सप्रेसवे पर सफाई का काम खत्म कर टेम्पो से घर लौट रही थीं और वाहन स्टार्ट ही होने वाला था कि पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शव सड़क पर बिखर गए। टेम्पो में कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें से 7 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों में अलकाबाई आडमने, लक्ष्मीबाई मदन, मीना आडमने, कंचन आडमने, ताराबाई चौधरी, कडूबाई मदन और सुमन आडमने शामिल हैं, जबकि एक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की है, वहीं मंत्री पंकजा मुंडे ने भी शोक जताते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
एक्सप्रेसवे पर ट्रक-टेम्पो टक्कर में 8 महिलाओं की मौत, 3 घायल




